टांडा। बीते गुरुवार की देर शाम टांडा-अयोध्या मार्ग पर थाना इब्राहिमपुर क्षेत्र के आमडीह के पास ट्रक से 50 वर्षीय व्यक्ति की कुचल गया। इससे नाराज ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़ कर पीट दिया। मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस व थानाध्यक्ष इब्राहिमपुर ने चालक को भीड़ से बचाया। घायल को चिकित्सालय भेजा गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के ग्राम पकड़ी रसूलपुर स्थित ससुराल में रह रहे 50 वर्षीय हबीबुल्लाह निवासी ग्राम व थाना दुबौलिया, बस्ती गुरुवार शाम पैदल ही घर से निकले थे। शाम करीब सात बजे एक ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया। इसके बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा। ग्रामीणों ने पीछा कर उसे घटनास्थल से 500 मीटर की दूरी पर रोक लिया। इसके बाद ट्रक से ड्राइवर को उतार कर पिटाई शुरू कर दी। मौके पर पुलिस ने पहुंच कर अलनपुर के प्रधान सफात बेग व महेशपुर के प्रधान इंकलाब बेग की सहायता से भीड़ को शांत कराया। इसके बाद ट्रक व ड्राइवर को थाने भेज दिया। घायल हबीबुल्लाह को अस्पताल भेजा गया, जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर चालक के विरुद्घ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।