अंबेडकरनगर। अकबरपुर-अयोध्या मार्ग पर 50 नंबर ट्यूबेल के पास बुधवार सुबह साइकिल सवार युवक को तेज रफ्तार निजी बस ने कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित नागरिकों ने सड़क जाम कर दिया। घटना के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया।
जानकारी होते ही अकबरपुर कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर ग्रामीणों को शांत कराया। मौके पर शव की शिनाख्त का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नही मिल सकी। उधर अलीगंज थाना क्षेत्र के सूरापुर बिहरोजपुर गांव में सड़क के किनारे खड़े अधेड़ को चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह बुरी तरह घायल हो गया। जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह अकबरपुर अयोध्या मार्ग पर 50 नंबर ट्यूबेल के पास साइकिल से एक 35 वर्षीय युवक अकबरपुर की तरफ आ रहा था। इसी बीच पीछे से आयी एक तेज रफ्तार निजी बस ने उसे कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर जब तक आस पास के लोग मौके पर पहुंचते तब तक चालक बस लेकर फरार हो गया।
बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकजुट हो गए, और अकबरपुर अयोध्या मार्ग को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही अकबरपुर कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर सड़क जाम कर रहे नागरिकों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
मौके पर शव की शिनाख्त का प्रयास किया गया, लेकिन टक्कर के चलते चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था, और न ही युवक की जेब में कोई पहचान पत्र या मोबाइल ही मौजूद थी। इससे उसकी पहचान मौके पर नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। कोतवाल अमित सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
उधर अलीगंज थाना क्षेत्र के सूरापुर बिहरोजपुर गांव निवासी रामगोपाल वर्मा (54) वर्ष बुधवार को घर के सामने सड़क के किनारे खड़े थे। इसी बीच एक तेज रफ्तार जीप ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद चालक जीप लेकर फरार हो गया। परिजन घायल रामगोपाल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार चल रहा है।