जलालपुर। जैतपुर के प्रतापुर कला गांव में गुरुवार अपराह्न मछली मारने गया युवक तमसा नदी में डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक कुछ पता नहीं चल सका था।
गुरुवार अपराह्न गांव निवासी प्रमेंद्र (32) पुत्र मुन्नीलाल गांव के बाहर से होकर गुजरने वाली तमसा नदी में मछली मारने गया हुआ था। बताया जाता है कि जाल फेंकने के दौरान उसका पैर फिसल गया, जिससे वह नदी में डूब गया। नदी में मछली मार रहे अन्य ग्रामीणों ने उसे मचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। युवक के डूबने से मौके पर अफरातफरी मच गई।
रोते पीटते परिवारीजन भी मौके पर पहुंच गए। इस बीच जानकारी होते ही एसओ जैतपुर राकेश गुप्ता भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से पुलिस कर्मियों ने जाल आदि डालकर युवक की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिल सकी थी। एसओ ने बताया कि तलाश जारी है। यदि सफलता नहीं मिली तो शुक्रवार को गोताखोरों को बुलाया जाएगा।