अंबेडकरनगर। बीते 24 घंटे में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें एक पशु चिकित्सक व होटल मालिक भी शामिल हैं। हादसे में चार वर्षीय मासूम बाल-बाल बच गया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को ट्रामा सेंटर भेजना पड़ा। पुलिस ने हादसे में मृत व्यक्तियों के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवारीजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, अकबरपुर कोतवाली अन्तर्गत गदायां निवासी मोहम्मद अली उर्फ राजू (35) पुत्र लड्डन रविवार देर रात चार पहिया वाहन से अपने चार वर्षीय पुत्र हुसैन, 16 वर्षीय भांजे भौरा रामनगर थाना आलापुर निवासी शालू पुत्र मोहम्मद अशरफ व गदायां निवासी जमील अहमद (45) पुत्र हबीब के साथ कुर्कीबाजार से घर जा रहे थे। बताया जाता है कि तीन दिन पूर्व ही कुर्कीबाजार में उसने खाने का होटल खोला था। वह प्रतिदिन घर से होटल आता जाता था। वह रविवार रात भी कार से घर जा रहा था। बताया जाता है कि जब वे सभी अकबरपुर बसखारी मार्ग स्थित नेवतरिया के निकट पहुंचे तो सामने से आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में सड़क से सटकर खड़े ट्रक में कार पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। कार में आगे बैठे राजू व जमील की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि पीछे की सीट पर बैठे शालू को गंभीर चोटें आईं। मासूम हुसैन बाल बाल बच गया। सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने राजू व जमील को मृत घोषित कर दिया, जबकि हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद शालू को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, हंसवर थाना अन्तर्गत नरकटा बैरागी निवासी पशु चिकित्सक विशाल यादव (38) पुत्र रामप्रकाश सोमवार सुबह बाइक से अपने सहयोगी विवेक (20) के साथ बाइक से पिपरी किशुनपुर गांव में पशु के इलाज के लिए जा रहे थे। बताया जाता है कि जब वे सभी पुंथर गांव के निकट पहुंचे, तो इसी बीच उधर से गुजर रही तेज रफ्तार जीप ने उन्हें रौंद दिया। इससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद जब तब तक इर्दगिर्द के ग्रामीण मौके पर पहुंचते, तब तक चालक वाहन लेकर भाग निकला। इस बीच जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जहांगीरगंज प्रतिनिधि के अनुसार जहांगीरगंज थाना अन्तर्गत नवागांव निवासी जियालाल (65) पुत्र धंजू सोमवार सुबह साइकिल से चहोड़ा घाट से घर जा रहा था। बताया जाता है कि जब वह इसौरी नसीरपुर पंचायत भवन के निकट पहुंचा, तो इसी बीच उधर से गुजर रहे अज्ञात वाहन ने उसे रौंद दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इससे पहले आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचते, तब तक चालक वाहन लेकर भाग निकलने में सफल रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ नागेंद्र सरोज ने बताया कि मृतक के पुत्र रामपूजन की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में छानबीन की जा रही है।