अंबेडकरनगर। रविवार सुबह से दोपहर तक गरज चमक के साथ हुई मूसलाधार बारिश से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। जिला मुख्यालय से लेकर अन्य नगरीय क्षेत्रों में जगह जगह सड़कें जलाशय में तब्दील हो गईं।
इससे नागरिकों को आवागमन में व्यापक मुश्किलों का सामना करना पड़ा। मूसलाधार बारिश के बीच जलालपुर थाना क्षेत्र के भाऊकुआं गांव में खेत में काम कर रहा युवक बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। उधर झमाझम हुई बारिश का विद्युत आपूर्ति पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की लगभग डेढ़ लाख की आबादी को रविवार लगभग पूरे दिन बदतर विद्युत आपूर्ति का दंश झेलने को मजबूर होना पड़ा।
बीते दो दिनों से उमड़-घुमड़ रहे काले बादल रविवार सुबह आखिरकार बरस ही पड़े। तेज गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हुआ, तो वह लगभग साढ़े तीन घंटे तक जारी रहा। जिले के कई क्षेत्रों में इस दौरान बिजली गिरी, जिससे एक खेत में काम कर रहा एक युवक उसकी चपेट में आ गया। जलालपुर कोतवाली अन्तर्गत भाऊकुआं गांव निवासी अंगद (25) पुत्र अर्जुन रविवार सुबह खेत में सिंचाई कर रहा था। तभी बिजली गिरी, जिससे वह उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उधर रविवार पूर्वाह्न तक हुई मूसलधार बारिश से आम जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया। मौसम खराब होने के चलते बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा। दोपहर करीब बारिश का दौर थमने के बाद बाजारों में कुछ चहल पहल बढ़ी। इस बीच झमाझम हुई बारिश से जिला मुख्यालय के अलावा कई अन्य क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई। अकबरपुर नगर के अकबरपुर अयोध्या मार्ग, सब्जी मंडी, शहजादपुर चौक, बस स्टेशन क्षेत्र, कृषि भवन के अलावा भीटी बाजार, केदारनगर, बसखारी, जहांगीरगंज, राजेसुल्तानपुर समेत कई अन्य क्षेत्रों में सड़कें जलाशय में तब्दील हो गई। इससे नागरिकों को आवागमन में व्यापक मुश्किलों का सामना करने को मजबूर होना पड़ा।