जहांगीरगंज। बेकाबू पिकअप की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आननफानन में परिवारवालों ने उसे जहांगीरगंज सीएचसी पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीरता होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के बकड़ापुर गांव निवासी अमृतलाल (19) पुत्र रामकुमार शनिवार सुबह अपनी दुकान के बाहर साफ सफाई कर रहा था। इस बीच तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। आसपास के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए। परिवारवाले उसे जहांगीरगंज सीएचसी ले गए, जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया जाता है कि जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष पीएन तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। हालांकि, कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलती है तो छानबीन कर कार्रवाई की जाएगी।