केदारनगर। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव के पास बुधवार देर शाम बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वह एसबीआई, टांडा शाखा में हेड कैशियर के पद पर कार्यरत था। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, अहिरौली थाना क्षेत्र के यरकी ग्राम पंचायत के मजरा सूबेदार का पूरा निवासी रवि कुमार (45) पुत्र विंदेश्वरी प्रसाद टांडा नगर स्थित एसबीआई की शाखा में हेड कैशियर के पद पर तैनात थे। वह हर दिन घर से बैंक आते-जाते थे। बुधवार देर शाम भी वह बैंक बंद होने पर बाइक से घर जा रहे थे। बताया जाता है कि रुस्तमपुर गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया।
जब तक आसपास के लोग पहुंचते तब तक चालक वाहन लेकर भाग खड़ा हुआ। घटना में रवि गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। गंभीरावस्था में स्थानीय लोगों ने उन्हें सीएचसी टांडा पहुंचाया, जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस बीच पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।