अंबेडकरनगर। बेवाना थाना क्षेत्र के रामपुर सकरवारी बाजार के पास रविवार देर शाम अज्ञात वाहन ने बाइक से घर जा रहे दंपती को कुचल दिया। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां हालत की गंभीरता को देखते हुए महिला को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। उधर, अन्य मार्ग दुर्घटनाओं में पांच लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर जनपद दोस्तपुर थाना क्षेत्र के दोस्तपुर निवासी पप्पू (35) पुत्र निर्मल रविवार देर शाम बाइक से अपनी 30 वर्षीय पत्नी चंद्रावती के साथ अकबरपुर से घर जा रहा था। बताया जाता है कि जब वे बेवाना थाना क्षेत्र के रामपुर सकरवारी बाजार के निकट पहुंचे, तो इसी बीच उधर से गुजर रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। जब तक इर्दगिर्द मौजूद लोग मौके पर पहुंचते, तब तक चालक वाहन लेकर भाग खड़ा हुआ। घटना में दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां हालत की गंभीरता को देखते चंद्रावती को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
बेवाना थाना क्षेत्र के मुंगरी गांव निवासी दीपक (14) पुत्र हंसराज रविवार देर शाम साइकिल से बाजार जाते समय बाजार के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। मालीपुर थाना क्षेत्र के समैसा गांव निवासी अशोक (30) पुत्र छोटेलाल रविवार देर शाम बाइक से मालीपुर से घर जाते समय गांव के निकट ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया। इब्राहिमपुर थाना अन्तर्गत ताजपुर गांव निवासी ओमप्रकाश (40) पुत्र वीरेंद्र सोमवार सुबह बाइक से टांडा जाते समय नगर के निकट पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गया।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बलयापुर गांव निवासी श्याम (32) पुत्र शंकर रविवार देर शाम बाइक से अकबरपुर से घर जाते समय गांव के निकट जीप की टक्कर लगने से घायल हो गया। मालीपुर थाना क्षेत्र के नासिरपुर गांव निवासी इंद्रेश (25) पुत्र उमेश सोमवार सुबह बाइक से जलालपुर जाते समय नगर के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार बाइक सवार घायलों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।