अंबेडकरनगर। थाना क्षेत्र जैतपुर अंतर्गत मुंडेहरा बाजार में बुधवार देर शाम अज्ञात वाहन ने एक वृद्धा को रौंद दिया। इससे उसकी मौत हो गई। उधर अन्य मार्ग हादसों में चार लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से एक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
जैतपुर थाना अंतर्गत मुंडेहरा निवासी अनंता (70) पत्नी रामआसरे बुधवार देर शाम बाजार के निकट सड़क पार कर रही थी। इसी बीच उधर से गुजर रहे अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों के पहुंचने से पहले चालक वाहन लेकर भाग खड़ा हुआ। सांस चलने की उम्मीद में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, अहिरौली थाना अंतर्गत कटेहरी निवासी रमेश (35) पुत्र राजेंद्र गुरुवार सुबह बाइक से अकबरपुर आ रहा था। पवित्र शिवबाबा के निकट उसे तेज रफ्तार जीप ने चपेट में ले लिया। घायल रमेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
उधर, अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत पंडाटोला निवासी सलमान (22) पुत्र जहीर गुरुवार सुबह बाइक से कहीं जाते समय फव्वारा तिराहा के निकट किसी तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। वहीं, बसखारी थाना अंतर्गत बसखारी निवासी बृजभूषण (40) पुत्र बसंतलाल गुरुवार सुबह बाइक से अकबरपुर आते समय नगर के निकट पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गया। टांडा कोतवाली अंतर्गत छज्जापुर निवासी दिनेश (28) पुत्र गंगाराम बुधवार देर शाम बाइक से टांडा से घर जाते समय घर के निकट जीप की टक्कर लगने से घायल हो गया। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक सवार घायलों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।