अंबेडकरनगर कलेक्ट्रेट के निकट अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते आम आदमी पार्टी पदाधिकारी।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। मीडिया संस्थान के कार्यालय तथा पत्रकारों के घर पर इनकम टैक्स का छापा डालने के विरोध में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के निकट प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि सरकार सच्चाई का सामना करने से डरी हुई है।
जिलाध्यक्ष राजेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि सरकार सच्चाई का सामना करने से डर रही है। सच बोलने व सच लिखने वाले पत्रकारिता जगत पर सत्ता में आने के बाद से ही सरकार लगातार हमलावर है। देश के चार स्तंभों में प्रेस एक स्तंभ है। इस तरह की कार्रवाई का मतलब है कि देश के लोकतंत्र की हत्या।
भाजपा सरकार को अच्छी तरह से सोच लेना चाहिए कि देश की जनता अब उनके तानाशाही रवैये को भांप गई है। जनता यदि शीर्ष आसन देना जानती है तो उस आसन से उखाड़ फेंकना भी जानती है। प्रेस को दबाने का मतलब है कि आम आदमी के अधिकारों को कुचला जा रहा है। इस मौके पर सौरभ वर्मा, राजेंद्र वर्मा, आदर्श, अनीता यादव, परचम अब्बास, विपिन पटेल, लालमनी, इंद्रावती, सेवाराम वर्मा व अंशुमान सिंह आदि मौजूद रहे।