भीटी (अंबेडकरनगर)। क्षेत्र के बेनीपुर गांव में बृहस्पतिवार दोपहर एक युवक पर जानलेवा हमला हुआ। चार हमलावरों ने पहले युवक को पीटा, फिर सड़क पर गिराकर गाड़ी चढ़ा दी। पीड़ित युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या की कोशिश, लूट और फायरिंग का केस दर्ज किया है।
अकबरपुर के खरगपुर निवासी स्वयं सिंह उर्फ कक्कू ने शिकायती पत्र में बताया कि उसका छोटे भाई अमर सिंह तीन जुलाई को किसी काम से बेनीपुर गए थे। वहां पहले से मौजूद महरुआ के हीड़ी पकड़िया निवासी राजा पांडेय, विवेक सिंह, अवधेश यादव और अनुराग तिवारी ने उसे घेर लिया। चारों ने लाठी-डंडों से अमर पर हमला कर दिया। वह किसी तरह जान बचाकर भागे, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उसे सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद चार पहिया वाहन उसके ऊपर चढ़ा दिया। अमर का एक पैर बुरी तरह टूट गया और वह बेहोश हो गए।
आरोप है कि हमलावर जेब से नकदी भी निकालकर फायरिंग करते हुए भाग निकले। शोर सुनकर गांव के लोग और परिजन पहुंचे और अमर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। थाना प्रभारी अमित कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। (संवाद)