कटेहरी (अंबेडकरनगर)। अकबरपुर के सीहमई गांव में मंगलवार की रात एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय सरबजीत वर्मा उर्फ साधू वर्मा की करंट लगने से मौत हो गई। वह घर में फर्राटा पंखा ठीक कर रहे थे। हादसे के बाद परिजनों के साथ-साथ पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 8 बजे सरबजीत अपने कमरे में फर्राटा पंखे का तार ठीक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट लगने से वह अचेत होकर गिर पड़े। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल अकबरपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है तथा तहसील प्रशासन को भी सूचित कर दिया गया है।
खेती-किसानी से जुड़ा परिवार
सरबजीत वर्मा अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और परिवार की खेती-किसानी की जिम्मेदारी संभालते थे। आर्थिक रूप से सामान्य परिवार मेहनत-मजदूरी कर जीवन यापन करता है। भाई रंजीत वर्मा गैस वितरण का कार्य करते हैं। सबसे छोटे भाई अजीत वर्मा श्यामगंज में दूध की डेयरी संचालित करते हैं। सरबजीत के परिवार में मां कांति देवी, पत्नी इंदु वर्मा और तीन बेटियां इशिका (14 वर्ष)– कक्षा 9, रिशिका (12 वर्ष)– कक्षा 6, माही (8 वर्ष)–कक्षा 3 हैं। सरबजीत की आकस्मिक मौत से परिवार पर आर्थिक और मानसिक दोनों संकट टूट पड़ा है।