अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में वरिष्ठ सहायक के पद तैनात विनय कुमार श्रीवास्तव पर पैसा गबन करने का गंभीर आरोप लगा है। इसकी शिकायत एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री से की थी। डीएम ईशा प्रिया ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया है।
पत्र में आरोप लगाया गया है कि अस्पताल में तैनात कर्मचारियों को दीपावली में मिलने वाले बोनस को वरिष्ठ सहायक की ओर पांच महीने तक अपने पास रखा गया था, जो गलत था। ऐसे में कर्मचारियों को समय से उनका बोनस नहीं मिल पाया था। कुछ कर्मचारियों ने इसकी शिकायत भी की थी लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। इसके बाद एमएलसी ने 12 जून को मुख्यमंत्री को पत्र दिया था, जिस अब डीएम ने जांच टीम बनाकर एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट मांगी है।
जांच टीम में एसीएमओ डॉ. रामानंद, वरिष्ठ कोषागार अधिकारी बृजलाल व समाज कल्याण अधिकारी विक्रम कौशल को शामिल किया गया है। एसीएमओ ने बताया कि दो दिन पहले जांच मिली है। मामले में कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)