अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका ने आक्रामक व बीमार कुत्तों के लिए शेल्टर होम बनाने की कवायद शुरू कर दी है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जिले में प्रति माह करीब दो से ढाई हजार लोगों को कुत्ते काट रहे हैं। ऐसे लोगों को जिला अस्पताल व सीएचसी में रेबीज से बचाव का इंजेक्शन लगाया जाता है।
गौरतलब है कि 22 अगस्त को अपने दूसरे फैसले में सर्वोच्च न्यायालय ने कहा कि सिर्फ रेबीज वाले व आक्रामक कुत्तों को ही शेल्टर होम में रखा जाएगा, अन्य के टीकाकरण व बंध्याकरण के बाद उन्हें बाहर ही छोड़ दिया जाएगा। नगर पालिका परिषद अकबरपुर की ओर से आवारा कुत्तोंं की निगरानी की व्यवस्था शुरू की जा रही है।
नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी बीना सिंह ने बताया कि इस संबंध में उनकी मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से बात हुई है। दोनों के सहयोग से नगर पालिका में शेल्टर होम बनाया जाना है। इसके लिए कई जगहों पर स्थान देखा गया है। शीघ्र ही स्थान निश्चित कर वहां आवारा, आक्रामक व रेबीज वाले कुत्तों के लिए कार्य शुरू किया जाएगा।