अंबेडकरनगर। शहर के इंद्रलोक कॉलोनी समेत छह मोहल्लों की पांच हजार आबादी को बिजली की ट्रिपिंग से निजात मिलेगी। इसके लिए बिजली विभाग 11 हजार वोल्ट की नई बिजली लाइन खींचेगा। जर्जर तार बदलने के साथ ओवरलोड ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता को भी बढ़ाया जाएगा। इस कार्य पर विभाग दो करोड़ रुपये
खर्च करेगा। इसका बजट भी जारी हो गया है। जल्द ही कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
बैरमपुर बरवां बिजली उपकेंद्र से 100 गांव की 35 हजार आबादी समेत शहरी क्षेत्र की इंद्रलोक कॉलोनी, रसूलाबाद हौजपट्टी, मीरानपुर आंशिक, तमसा मार्ग, मिर्जापुर कोड़रा को बिजली की आपूर्ति दी जा रही है। इसके चलते बिजली घर पर क्षमता से अधिक लोड पड़ने से उपभोक्ताओं को आए दिन बिजली की कटौती से जूझना पड़ता है। इसके साथ ही ट्रिपिंग की समस्या भी बनी रहती है। अक्सर जर्जर बिजली के तार टूटने की घटनाएं भी होती रहती हैं। लंबे समय से नागरिक शहरी क्षेत्र के लिए नई बिजली लाइन खींचने की मांग कर रहे थे।
नागरिकों की इस समस्या को देखते हुए बिजली विभाग ने बीते दिनों सर्वे के बाद इंद्रलोक कॉलोनी समेत छह मोहल्लों के लिए 11 हजार वोल्ट की नई बिजली लाइन ख्रींचने का खाका तैयार कर मंजूरी के लिए निदेशालय भेजा था। इसे मंजूरी मिलने के साथ बजट भी जारी कर दिया गया है। जल्द ही बिजली के तार व पोल को बदलकर नई लाइन खींची जाएगी।
लगेगा 400 केवीए का नया ट्रांसफार्मर
इंद्रलोक कॉलोनी में 250 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर लगा है। इस पर क्षमता से अधिक उपभोक्ताओं के कनेक्शन हैं। इसलिए आए दिन तार जलने व ट्रांसफाॅर्मर में खराबी की समस्या के चलते बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। अब इस ट्रांसफार्मर के स्थान पर 400 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा।
जर्जर खंभे भी बदले जाएंगे
कई दशक पूर्व लगे जो बिजली के खंभे जर्जर हो चुके हैं। ऐसे 50 बिजली के खंभोंं को भी बदला जाएगा। ताकि बरसात के दिनों में तेज हवा चलते की बिजली आपूर्ति बाधित न होने पाए। जल्द ही ये सभी कार्य शुरू हो जाएंगे।
नागरिकोंं ने जताई खुशी
महेंद्र यादव, दिलीप श्रीवास्तव, विनय तिवारी, अशोक ओझा, अशोक गुप्त, बैरागी यादव,चंद्रशेखर कन्नौजिया, रामबली गौतम, प्रदीप गुप्त, गीता देवी, केदारनाथ, सतीश आदि ने बताया कि पिछले एक दशक से बिजली की ट्रिपिंग से बहुत परेशानी हो रही है। नई लाइन की सौगात मिलने के बाद ट्रिपिंग की समस्या समाप्त होगी।
जल्द शुरू होगा काम
बैरमपुर बरवां उपकेंद्र पर क्षमता से अधिक भार होने के नाते शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए नई बिजली लाइन बिछाने के साथ ही अन्य बिजली संसाधनों को बेहतर कराया जाएगा। इसका बजट स्वीकृत हो चुका है। जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा। -संजय कुमार, प्रभारी अधीक्षण अभियंता