बेवाना थाना अन्तर्गत मुस्लिम जगदीशपुर गांव में मंगलवार सुबह पेड़ पर चढ़कर आम तोड़ने के दौरान एक ग्रामीण हाईटेेंशन तार के करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
परिवारीजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। उधर घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है।
परिवारीजनों के अनुसार गांव निवासी गंगाप्रसाद दुबे (55) पुत्र रामराज मंगलवार सुबह घर के सामने स्थित आम के पेड़ पर चढ़कर आम तोड़ रहा था। जिस डंडे से वह आम तोड़ रहा था, वह हरा था। बताया जाता है कि आम तोड़ने के दौरान डंडा पेड़ के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से छू गया।
इससे वह करंट की चपेट में आ गया और वह तार से चिपक गया। कुछ देर में ही मौके पर परिवारीजनों के साथ-साथ ग्रामीण भी एकत्र हो गए। जब तक उसे पेड़ से उतारने का प्रयास किया जाता, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बाद में किसी प्रकार उसे पेड़ से उतारा गया।
सांस चलने की उम्मीद में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवारीजनों में रोना-पीटना मचा हुआ है। उधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण की।