अंबेडकरनगर। नगर पंचायत राजेसुल्तानपुर में बिजली की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। यहां 6.80 करोड़ रुपये की लागत से नया बिजली उपकेंद्र बनाया जाएगा। पावर कारपोरेशन की ओर से बनने वाले इस उपकेंद्र के लिए नगर पंचायत प्रशासन ने जमीन उपलब्ध करा दी है। परियोजना पूरी होने पर नगर पंचायत के 15 वार्डों सहित करीब 50 गांवों की एक लाख आबादी को बेहतर बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
वर्तमान में तेंदुआईकला उपकेंद्र से निकसपुर, सिंघल पट्टी, कम्हरिया, जहांगीरगंज, गिरैया बाजार और राजेसुल्तानपुर समेत करीब 200 गांवों को बिजली आपूर्ति की जाती है। लंबी दूरी के फीडरों के कारण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित होती है। सिंघल पट्टी फीडर की लंबाई 46 किलोमीटर, निकसपुर की 30 किलोमीटर और राजेसुल्तानपुर फीडर की लंबाई 26 किलोमीटर है। गर्मी के दिनों में ओवरलोड के चलते लो वोल्टेज की समस्या बढ़ जाती है। वहीं, तार टूटने और बार-बार फॉल्ट होने से आपूर्ति बाधित रहती है। (संवाद)
पांच एमवीए के होंगे दो ट्रांसफार्मर
नए बिजली घर में पांच एमवीए क्षमता के दो ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इसके अलावा चार फीडर बनाए जाएंगे। इनमें दो फीडरों से नगर पंचायत के शहरी क्षेत्र को बिजली मिलेगी, जबकि अन्य दो फीडर सिंघल पट्टी और निकसपुर क्षेत्र की आपूर्ति संभालेंगे। इससे फीडरों पर लोड कम होगा और बिजली आपूर्ति में सुधार आएगा।
नगर पंचायत बनने के बाद उठी थी मांग
राजेसुल्तानपुर को 20 दिसंबर 2020 को नगर पंचायत का दर्जा मिला था। इसके बाद क्षेत्र में विकास कार्य हुए, लेकिन बिजली की समस्या बरकरार रही। लो वोल्टेज और बार-बार होने वाले फॉल्ट से परेशान लोगों की ओर से लंबे समय से नए बिजली घर की मांग की जा रही थी।
शासन को भेजा गया प्रस्ताव
राजेसुल्तानपुर में नया उपकेंद्र निर्माण का प्रस्ताव शासन को स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है। 6.80 करोड़ रुपये से नए बिजली घर का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए जमीन भी निकाय प्रशासन ने उपलब्ध करा दी है। - रजनीश कुमार श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता