विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। टांडा के त्रिलोकपुर गांव में बाल–युवा सांस्कृतिक समिति की ओर से आयोजित रामलीला के चाैथे दिन बुधवार को कलाकारों ने जनकपुर में धनुष यज्ञ और राम–सीता विवाह का जीवंत मंचन प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम के साथ ही रामलीला का समापन भी हो गया। कार्यक्रम की शुरुआत मंच निर्देशक राकेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा भगवान गणेश की आरती से हुई।
जनकपुर में राम–लक्ष्मण की आगमन यात्रा और सीता स्वयंवर के जीवंत मंचन ने पंडाल में उपस्थित दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। मंच पर दिखाया गया कि राजा जनक ने शिव धनुष तोड़ने वाले योग्य वीर को सीता से विवाह का वचन दिया। दूर-दूर से आए राजा धनुष को भी नहीं तोड़ पाए। मंच पर कलाकारों ने ताड़का वध के बाद राम–लक्ष्मण की वीरतापूर्ण लीला प्रस्तुत की, जिसमें उन्होंने गुरु विश्वामित्र के यज्ञ की रक्षा करते हुए राक्षसों का संहार किया। रामलीला में राजकुमार, राकेश कुमार श्रीवास्तव, अमित पासवान, सुरेंद्र प्रशांत श्रीवास्तव, अरुण कुमार, अजय पासवान, राजेश और मोतीलाल सहित अन्य कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया।