आनंदनगर बाजार में मृतका के घर के बाहर खड़े ग्रामीण। संवाद
अंबेडकरनगर। महरूआ थानाक्षेत्र के आनंदनगर चौराहे के निकट सोमवार को आनंदनगर बाजार निवासी शेफाली (22) को अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। जिला अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में युवती की मौत हो गई। सात मार्च को शेफाली की शादी होनी थी, लेकिन उसके पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
आनंदनगर निवासी सपन कुमार की बेटी शेफाली रामसमुझ सुरसती महाविद्यालय अकबरपुर में बीएससी की छात्रा थी। कुछ माह पूर्व पिता ने बेटी का विवाह सुल्तानपुर जिले में तय किया था। सात मार्च को बरात आनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। सोमवार सुबह सात बजे के करीब वह घर से कुछ दूरी पर स्थित तिवारी डेयरी से दूध लेने के लिए गई थी।
लौटते समय सुल्तानपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उलटी दिशा में जाकर युवती को पीछे से टक्कर मार दी और चालक गाड़ी लेकर भाग निकला। टक्कर इतनी तेज थी कि शेफाली उछलकर सड़क पर दूर जा गिरी। उनके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने सपन कुमार को बेटी के घायल होने की जानकारी दी।
परिजन उसको लेकर जिला अस्पताल रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही युवती की सांसें थम गईं। थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। देर शाम श्रवण क्षेत्र में मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया गया।