सुल्तानपुर। बहुचर्चित डॉ. घनश्याम तिवारी हत्याकांड मामले में नया मोड़ आया है। अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम संतोष कुमार की अदालत ने लगातार गैरहाजिर चल रहे आरोपी दीपक सिंह को फरार घोषित करने का आदेश दिया है। कोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को धनपतगंज के थानाध्यक्ष प्रवीण यादव पुलिसकर्मियों के साथ आरोपी दीपक सिंह के मायंग स्थित घर पर पहुंचे और नोटिस चस्पा कराते हुए मुनादी कराई।
मामला 23 सितंबर 2023 का है, जब कोतवाली नगर के शास्त्री नगर मोहल्ला निवासी निशा तिवारी ने अपने पति घनश्याम तिवारी की हत्या के आरोप में स्थानीय कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में जगदीश नारायण सिंह, चचेरे भाई विजय नारायण सिंह, अजय नारायण सिंह और धनपतगंज थाने के मायंग निवासी दीपक सिंह को आरोपी बनाया गया था। दीपक सिंह ने अजय नारायण सिंह के साथ पुलिस चौकी में आत्मसमर्पण किया था। मामले के आरोपी जगदीश नारायण सिंह की मुकदमे के दौरान मौत हो गई थी, जबकि विजय नारायण सिंह की जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद हत्या कर दी गई थी। शेष दो आरोपियों के खिलाफ एडीजे प्रथम की अदालत में सुनवाई चल रही है। अदालत में आरोपियों के बयान दर्ज करने की कार्यवाही निर्धारित की गई थी, लेकिन आरोपी दीपक सिंह के लगातार गैरहाजिर रहने के कारण अदालत ने उसे फरार घोषित किया है। धनपतगंज के एसओ प्रवीण यादव ने पुलिस बल के साथ आरोपी के घर पहुंचकर मुनादी कराई और नोटिस चस्पा किया है। संवाद