कटेहरी (अंबेडकरनगर)। करंट की चपेट में आकर बृहस्पतिवार सुबह एक किसान की मौत हो गई। इससे परिजनों में रोना पीटना मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है।
अहिरौली थाना क्षेत्र के नरायनपुर के मजरा गन्नूपुर निवासी हरिपाल (55) बृहस्पतिवार सुबह खेत में सरसों की बोआई कराने गए थे। बताया जाता है कि खेत के मेड़ से होकर अवैध ढंग से किसी ने बिजली का तार खींच रखा था। इसी बीच हरिपाल जैसे ही मेड़ पर बैठे वो करंट की चपेट में आ गए। चीख पुकार के बीच ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंचे। उन्हें आनन-फानन जिला अस्पताल ले जाया गया, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत से परिजनों में मातम पसर गया। थाना प्रभारी सुनील पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
बाद में एसडीएम सदर सौरभ शुक्ल व सीओ अनूप कुमार सिंह ने गांव पहुंचकर परिजनों को ढाढ़स बधाया। साथ ही एक पक्का आवास, कृषि बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये आदि देने का भरोसा दिलाया। उधर, बसपा प्रत्याशी अमित वर्मा ने दिवंगत के घर पहुंचकर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। (संवाद)