उदयभान सिंह उर्फ गुड्डू (फाइल फोटो)
अंबेडकरनगर। टांडा और बसखारी में दो अलग अलग सड़क हादसों में किसान और युवक की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक टांडा के मिसरौलिया छांगुरपुर निवासी उदयभान सिंह उर्फ गुड्डू (55) बृहस्पतिवार की सुबह अपनी मोपेड से ग्रामीण बैंक शाखा मुजाहिदपुर बसखारी गए थे।
बैंक से पैसे निकालकर घर लौटते समय दोपहर करीब 12 बजे एनएच 233 के त्रिमुहानी कट से हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान आजमगढ़ की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनकी मोपेड में जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से दोनों उछलकर दूर जा गिरे।
हादसे में उदयभान को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने उन्हें तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
दूसरा सड़क हादसा टांडा के बेलदहा पीके भट्ठा के पास हुआ। इब्राहिमपुर के फरीदपुर कला गांव निवासी रक्षा राम विश्वकर्मा (19) बीते कई माह से टांडा के चिंतौरा निवासी अपने मामा सुरेंद्र शर्मा के घर रहे थे। बृहस्पतिवार को किसी काम से पैदल निकले थे। बेलदहा पीके भट्ठा के पास तेज रफ्तार बाइक सवार की चपेट में आने से रक्षा राम गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने टांडा सीएचसी भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर दीपक रघुवंशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।