मंगलवार को चोरी के बाद घर पर टूटी पड़ी आलमारी व बिखरा सामान।
अंबेडकरनगर। शहर कोतवाली से करीब 200 मीटर दूर पटेलनगर में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर करीब डेढ़ किलो चांदी समेत पांच लाख रुपये के जेवरात व 50 हजार रुपये नकद पार कर दिए।
मंगलवार को परिवार के लोग घर पहुंचे तो पुलिस को जानकारी हुई। पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन की, लेकिन कोई ठोस सुराग उनके हाथ नहीं लगा है।
अकबरपुर थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित आलोक तिवारी का घर है। बेटी तान्या का नवंबर में विवाह करने के बाद पूरा परिवार 13 दिसंबर को घर में ताला लगाकर दिल्ली चला गया था। करीब डेढ़ महीने से खाली पड़े इस मकान को चोरों ने अपना निशाना बनाया। मंगलवार सुबह करीब चार बजे आलोक तिवारी की पत्नी कविता घर वापस पहुंची तो सामने का गेट बंद मिला।
अंदर जाकर देखा तो सभी कमरों के दरवाजे, अलमारी और बक्सों के ताले टूटे थे। कविता ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि चोर घर से करीब सवा किलो चांदी, 25 चांदी के सिक्के, नौ ग्राम सोने के जेवर, लगभग 50 हजार रुपये नकद, टीवी, पीतल के बर्तन और अन्य घरेलू सामान उठा ले गए हैं। प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है।