अंबेडकरनगर। ओवरलोड चल रहे ट्रांसफार्मरों का लगातार जलना जारी है। इससे उपभोक्ताओं को सुचारु रूप बिजली नहीं उपलब्ध हो पा रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि गुणवत्ताविहीन ट्रांसफार्मर होने के चलते ही वह आए दिन फुंकता रहता है। इसकी शिकायत भी कई बार संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन राजनीतिक दबाव के चलते संबंधित लोगों पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हो पा रही है। इसका खामियाजा आम उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। गुणवत्ताविहीन ट्रांसफार्मरों के फुंकने का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 90 दिन 496 ट्रांसफार्मर जल गए। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक अगस्त में विभिन्न क्षमता के कुल 173, सितंबर में 183 व अक्तूबर में कुल 140 ट्रांसफार्मर फुंक चुके हैं। अधिशासी अभियंता विद्युत मुकेश बाबू ने बताया कि ट्रांसफार्मरों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाता है। ओवरलोड के चलते भी ट्रांसफार्मर जल जाते हैं। हालांकि प्राथमिकता के आधार पर उन्हें बदल दिया जाता है।