बसखारी। पुलिस ने दो बाइक चोरों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। उनके कब्जे से चोरी की पांच बाइक भी बरामद की गईं हैं। बसखारी में आपराधिकतत्वों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने बीते कुछ दिनों से पूरा जोर लगा रखा था। मुखबिरों की सुरागरसी के अलावा पुलिस संदिग्धों पर भी नजर बनाए हुए थी। इस बीच शनिवार को इलाकाई पुलिस को बड़ी सफलता लग ही गई। एसओ नीरज राय शनिवार दोपहर बाद एसआई चंद्रभान वर्मा, सिपाही राजेश कुमार, परवेज आलम व शमशाद अहमद के साथ बसखारी टांडा मार्ग पर पहुंचे और मुखबिर की सुरागरसी के आधार पर घेराबंदी कर दी। इसी बीच वहां पहुंचे कस्बा बसखारी निवासी बलराम पुत्र राजकरन तथा अकबरपुर के पहितीपुर निवासी गौरव पाण्डेय उर्फ सोनू को हिरासत में ले लिया। उनकी निशानदेही पर बसखारी हरसम्हार रोड पर नहर पुलिया के पास से तीन अदद बाइक तथा मोतिगरपुर से दो बाइक बरामद कर ली गईं। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने बताया कि इनमें से तीन बाइक उन लोगों ने अकबरपुर से चोरी की, जबकि दो अन्य बाइक सुल्तानपुर जनपद से उड़ाई गईं हैं।