रामसनेहीघाट (ब्यूरो)। पुलिस ने गुरुवार को बैंक ऑफ बड़ौदा भिटरिया शाखा की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड की सक्रियता से टाॅवर लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले जालसाज को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी ने अपना जुर्म कुबूलते हुए सच्चाई बयां की। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, आवास विकास काॅलोनी गोंडा निवासी मनोज मिश्रा ने शिकायत की थी कि, टाॅवर लगवाने के लिए फोन पर रामसनेहीघाट के तेलमा पतुलकी निवासी विंदराज से बात हुई। विंदराज ने टाॅवर लगवाने के एवज में अपने खाते में रुपए डालने की बात कही। मनोज के मुताबिक, 14 अक्तूबर को 11,550 व 15 अक्तूबर 2014 को 12,550 रुपये विंदराज के खाते में डाल दिए। बाद में मामला संदिग्ध होने पर मनोज ने बैंक आॅफ बड़ौदा गाेंडा के प्रबंधक के पास इसकी शिकायत दर्ज कराई। गुरुवार को बैंक आॅफ बड़ौदा शाखा भिटरिया से एक युवक को संदिग्ध अवस्था में देख बैंक के होमगार्ड पंकज उपाध्याय ने पुलिस और बैंक मैनेजर को सूचना दी। पुलिस विंदराज को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि, आरोपी से पूछताछ की जा रही है।