टांडा (ब्यूरो)। दीपावली पर्व के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने छापेमारी कर दो दुकानों से मिठाई का नमूना लेकर उसे जांच के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक खाद्य सुरक्षा अधिकारी सै. एबादुल्लाह के नेतृत्व में टीम ने विद्युतनगर स्थित लक्ष्मी स्वीट हाउस पर छापा मारा। यहां मिलावट के संदेह में खोवा का नमूना लिया। इसके बाद टीम ने इल्तिफातगंज चौक स्थित चौधरी स्वीट हाउस पहुंचकर बर्फी का नमूना लिया गया। श्री एबादुल्लाह ने बताया कि दोनों नमूनों को जांच के लिए गोरखपुर भेज दिया गया। बताया कि छापेमारी अभियान दीपावली पर्व तक जारी रहेगा।