अंबेडकरनगर (ब्यूरो)। अकबरपुर थाना अन्तर्गत पीरपुर गांव में हाईटेंशन तार की चपेट में आने सेे एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। गंभीर अवस्था में उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उधर नाराज ग्रामीणों ने जिला चिकित्सालय परिसर में प्रदर्शन किया। बाद में डीएम को ज्ञापन सौंपकर जर्जर हो चुके तार को बदले जाने, तार के नीचे जाली लगाए जाने एवं लापरवाह पावर कारपोरेशन अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की। डीएम ने ग्रामीणों को आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। रविवार देर सायं आई तेज आंधी से गांव निवासी रामपूजन के घर के बगल से गुजर रहा जर्जर हाईटेंशन तार टूटकर गिर पड़ा। सोमवार प्रात: बगैर तार ठीक कराए आपूर्ति बहाल कर दी गई। इसी दौरान उधर से गुजर रहा फूलचंद्र (21) तार की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। परिवारीजनों ने निजी वाहन से उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उधर सोमवार को ग्रामीणों ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। बीते दिनों इसी तार की चपेट में आने से एक भैंस की मौत हो गई थी। बताते चलें कि लगभग एक पखवारे पूर्व अकबरपुर बस स्टेशन पर भी जर्जर हाईटेंशन तार टूटकर गिर पड़ा था। इसमें एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि एक किशोर की मौत हो गई थी।