मुबारकपुर। हंसवर थाना क्षेत्र में दलित बालिका से दुराचार किए जाने के प्रयास मामले में अपर पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के उपरांत हंसवर पुलिस ने घटना के दो दिन बाद पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपियों के विरुद्ध छेड़छाड़ व मारपीट किए जाने सहित दलित उत्पीड़न एक्ट के अन्तर्गत मामला पंजीकृत कर लिया है।
हंसवर थाना क्षेत्र की दलित बालिका 19 मार्च को गांव में लगे सरकारी हैंडपंप पर हाथ धुल रही थी। इसी बीच बगल गांव का एक युवक उसका मुंह बंद कर उसे उठा ले गया। जहां पहले से मौजूद दो अन्य साथियों के साथ उसने दुराचार का प्रयास किया। बालिका के शोर मचाने के उपरांत युवक भाग निकले। पीड़ित बालिका ने पूरा मामला अपने परिजनों को बताया, जिसके उपरांत पीड़ित बालिका परिवारीजनों के साथ हंसवर थाने पहुंची। तहरीर दिए जाने के बाद भी मामला पंजीकृत नहीं किया गया। इस पर पंजीकृत डाक से पीड़िता ने अधिकारियों को पत्र भेजा। इस पर एएसपी लालसाहब सिंह यादव ने हंसवर पुलिस को मामले की प्राथमिकी अविलंब दर्ज करने का निर्देश दिया। हंसवर पुलिस ने शुक्रवार को बालिका के पिता की तहरीर पर सिक्की, मिथलेश व पिंटू के विरुद्ध छेड़छाड़ मारपीट करने के साथ ही दलित उत्पीड़न एक्ट के अन्तर्गत विभिन्न धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस ने पीड़ित बालिका को मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बसखारी भेजा, जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला चिकित्सालय भेज दिया। एसओ जावेद इकबाल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।