अंबेडकरनगर। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत कार्य कर रही 18 चिकित्सकों की टीम में 15 और चिकित्सकों की तैनाती की जा रही है। यह चिकित्सक एक जनवरी से अपनी ड्यूटी निभाने लगेंगे। चिकित्सकों की यह टीम विभिन्न गावों व विद्यालयों में जाकर लोगों व छात्र छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण करेगी और आवश्यक परामर्श देने के साथ साथ दवाएं भी उपलब्ध कराएगी।
एनआरएचएम के तहत केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके तहत चिकित्सकों की टीम सभी सीएचसी व पीएचसी पर तैनात रहती है और समय समय पर विद्यालयों में पहुंचकर जहां छात्र छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण करते हैं, वहीं गावों में जाकर ग्रामीणों का भी स्वास्थ्य परीक्षण करते हैं। इन्हें परामर्श देने के साथ साथ आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराते हैं।
साथ ही उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां भी दी जाती हैं। योजना के तहत अब तक जिले में कुल 18 चिकित्सकों की टीम कार्य कर रही थीं। योजना को और प्रभावी बनाने के लिए इसमें 15 नए चिकित्सकों को शामिल किया गया है।
इनमें एमबीबीएस के पांच चिकित्सक डॉ. सुधीर कुमार पांडेय, डॉ. दीपांकर तिवारी, डॉ. ओमप्रकाश त्रिपाठी, डॉ. कुलदीप कुमार व डॉ. इंद्रभूषण जायसवाल तथा आयुष में 10 चिकित्सक डॉ. अरविंद कुमार मिश्र, डॉ. आमिर अब्बास, डॉ. परमेंद्र कुमार सिंह, डॉ. मोहम्मद जियाउद्दीन, डॉ. अदनान मसीह, डॉ. परवेज जफर, डॉ. फूलचंद्र वर्मा, डॉ. देवेंद्र कुमार यादव, डॉ. रामसहाय व डॉ. अशोक कुमार शामिल हैं।
सीएमओ मेजर डॉ. बीपी सिंह ने बताया कि योजना के तहत विगत दिनों कुल 134 ने आवेदन किया था। इसमें 60 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया, जिसके सापेक्ष 15 का चयन किया गया। इनमें पांच एमबीबीएस व 10 आयुष चिकित्सक शामिल हैं। बताया कि यह सभी चिकित्सक पहली जनवरी से अपना कार्य प्रारंभ कर देंगे।