बसखारी/टांडा। लालबत्ती लगी एक कार की टक्कर से रविवार सायं एक वृद्ध की मौत हो गई। घटना से नाराज लोगों ने डोड़ों गांव के निकट जाम लगा दिया। वहीं बसखारी-टांडा मार्ग पर फुलवरिया गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने एक युवक को रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
रविवार सायं सवा सात बजे करीब आजमगढ़ की तरफ से लालबत्ती लगी कार का काफिला तेजी से बसखारी की तरफ आ रहा था। यह काफिला जब शुकुलबाजार व बसखारी के बीच पहुंचा था। तभी बसखारी की तरफ से ठेला लेकर जा रहे डोड़ों निवासी श्रीराम (60) को लालबत्ती लगी कार ने टक्कर मार दी। इससे वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कारों का काफिला तेजी से आगे बढ़ गया। बताया जाता है कि कारों का काफिला एक मंत्री का था। घटना के बाद नाराज लोगों ने मृतक का शव डोड़ों गांव के निकट सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। वे दुर्घटना करने वाले वाहन को पकड़े जाने की मांग कर रहे थे। मौके पर दलबल के साथ पहुंचे प्रभारी बसखारी एसओ पन्नाला यादव ने ग्रामीणों को समझाने बुझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। समाचार लिखे जाने तक मौके पर जाम लगा हुआ था। वहीं टांडा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रामपुर कला के मजरे फुलवारी गांव में रविवार दोपहर करीब एक बजे टांडा की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दौलतपुर हाजलपट्टी गांव निवासी संग्राम उर्फ संतोष राजभर (22) पुत्र रामजियावन को अपनी चपेट में ले लिया। पैदल जा रहे संग्राम की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना के बाद भाग रहे चालक को लोगों ने वाहन समेत पकड़ लिया। उसकी जमकर पिटाई की। पुलिस ट्रक व चालक को थाने लिवा लाई। चालक सकलदीप गोसाई निवासी बेतलीपुर थाना आलापुर को हिरासत में ले लिया है। मृतक के पिता की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है।