अंबेडकरनगर। अहिरौली थाने में बुजुर्ग की पिटाई करने और कान उखाड़ लेने के मामले में एसपी ने तीनों आरोपी सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है। पीड़ित ने इस मामले में अहिरौली थाने के एसओ समेत तीनों आरोपी सिपाहियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के लिए अधिकारियों को तहरीर दी है।
अहिरौली थाना क्षेत्र के दरबनपुर रज्जूपुर निवासी रामलौट (70) को पुलिस ने शुक्रवार को एक भूमि विवाद के मामले में पकड़ा था। पूछताछ के लिए उन्हें थाने ले आया गया। अहिरौली थाने में लाने के बाद सिपाहियों द्वारा बुजुर्ग की निर्ममता से पिटाई करने का आरोप है। बताया जाता है कि पुलिसकर्मी जब बुजुर्ग की पिटाई कर रहे थे, तब उसका कान फट गया। कान का एक हिस्सा भी उखड़ गया। इससे घबराए पुलिस कर्मियों ने आनन-फानन बुजुर्ग को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसका इलाज चल रहा है। शनिवार को मामला संज्ञान में आने पर पुलिस अधिकारियों ने इसे अत्यंत गंभीरता से लिया है। पुलिस अधीक्षक सुनील सक्सेना ने बुजुर्ग की पिटाई करने के आरोपी तीनों सिपाहियों क्रमश: बिंद्रेश यादव, रामसागर यादव व शिवराम भारती को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। उन्होंने पूरे मामले में जांच भी बैठा दी है। सीओ भीटी अनूप कुमार पूरे मामले की जांच करेंगे। इस बीच मामले में परिवारीजनों ने एसओ नीरज राय समेत तीनों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि एसपी के आदेश पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। बुजुर्ग के परिवारीजनों की तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई होगी। तहरीर में यदि एसओ नीरज राय का नाम होगा, तो उनकी भूमिका की भी जांच कराई जाएगी।