अंबेडकरनगर। डीएम कर्णसिंह चौहान ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उन्हें सभी संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने एकल मेज व्यवस्था को तत्काल प्रभावी बनाए जाने का निर्देश भी दिया। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शुक्रवार को आयोजित उद्योग बंधु की बैठक में डीएम कर्णसिंह चौहान ने कहा कि माह के प्रथम एवं तृतीय शुक्रवार को जिला उद्योग केंद्र में नामित अधिकारियों को उपस्थिति के लिए तारीख नियत की गई है। इसका पूरा पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने तीन मिनी औद्योगिक इकाइयों के लिए स्थानों के आवंटन आदि की समीक्षा की। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री रोजगार योजना, महिला उद्यमी प्रोत्साहन योजना व अनुसूचित जाति-जनजाति के अभ्यर्थियों के प्रशिक्षण आदि पर भी विस्तार से विचार-विर्मश किया। जिला उद्योग केंद्र महाप्रबंधक केशवकांत ने योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। बताया कि व्यापारियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए 7 सितंबर को एकल मेज व्यवस्था के तहत जिला उद्योग केंद्र में नामित अधिकारी उपस्थित हुए थे। इसमें किसी स्तर की कोई समस्या लंबित नहीं है। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी व व्यापारी मौजूद रहे।