जलालपुर। थाना क्षेत्र के जैतपुर के ग्राम मुंडेरा निवासिनी एक महाविद्यालय की छात्रा के अपहरण मामले में प्रशासन द्वारा दी गई समय सीमा समाप्त होने के बाद भी न तो छात्रा मिली और न ही अभियुक्त पकड़े जा सके।
ज्ञातव्य है कि उक्त ग्राम निवासी एक बालिका का उस समय जीप सवार बदमाशों ने असलहे के बल पर अपहरण कर लिया था, जब वह महाविद्यालय से पढ़कर अपनी सहेलियों के साथ घर जा रही थी। वारदात के विरोध में आसपास के ग्रामीणों ने जलालपुर नेवादा मार्ग को घंटों जाम कर प्रदर्शन किया था। सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी, एसडीएम व कई थानों की पुलिस ने तीन दिन में बालिका की बरामदगी व अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए आश्वासन दिया था। इसके बाद जाम समाप्त हुआ। अब उक्त समय सीमा समाप्त हो गई है, परंतु न तो छात्रा की तलाश हो पाई और न ही अपहर्ता गिरफ्तार हुए। इससे ग्रामीणों ने काफी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने एक अक्तूूूबर को मार्ग जाम करने एवं थाने का घेराव करने की चेतावनी दी है।