अंबेडकरनगर। जिले के 952 दिव्यांगों व 80 वर्ष आयु वर्ग से ऊपर के बुजुर्गों को घर बैठे मतदान की सुविधा मिलने जा रही है। उन्हें अपने बूथ पर न जाकर घर पर ही पोस्टल बैलेट पेपर से मतदान करने का मौका मिलेगा। चुनाव के इतिहास में यह पहली बार है, जब ऐसे लोग भी लोकतंत्र की मजबूती में अपनी भागीदारी कर सकेंगे, जो चाहते हुए भी मजबूरी वश बूथ तक नहीं पहुंच पा रहे थे। चुनाव आयोग ने पहली बार यह व्यवस्था की, तो इसका जिले के दिव्यांगों व बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर लाभ भी उठाया। बीते दिनों ही उन्होंने अनुमति फॉर्म पर अपनी सहमति भी प्रदान कर दी थी।
अब तक के चुनाव में अक्सर ऐसा होता था, जब चाहते हुए भी तमाम दिव्यांग व बुजुर्ग मतदान नहीं कर पाते थे। शत-प्रतिशत मतदान हो सके, इसके लिए निर्वाचन आयोग लगातार ठोस कदम उठा रहा है। इसी क्रम में आयोग ने ऐतिहासिक कदम उठाते हुए दिव्यांगों व 80 वर्ष आयु वर्ग से ऊपर वाले बुजुर्गों को घर बैठे मतदान करने का मौका दिए जाने की घोषणा की। इसके तहत बीएलओ के माध्यम से चिह्नित दिव्यांगों व 80 वर्ष आयु वर्ग से ऊपर के बुजुर्गों से अनुमति फॉर्म पर हस्ताक्षर भी कराए गए। जिले में कुल 45 हजार 305 दिव्यांग व 80 वर्ष आयु वर्ग के बुजुर्ग हैं। इनमें 80 वर्ष आयु वर्ग के 30 हजार 818 तथा दिव्यांग 14 हजार 488 हैं।
निर्वाचन कार्यालय के कर्मी शहंशाह ने बताया कि बीते दिनों चले सहमति अभियान के दौरान 80 वर्ष आयु वर्ग क 704 बुजुर्ग, जबकि 248 दिव्यांगों ने पोस्टल बैलेट पेपर से मतदान करने की अनुमति प्रदान कर दी है। इनमें कटेहरी विधानसभा क्षेत्र में 152 बुजुर्ग व 84 दिव्यांग, टांडा में 109 बुजुर्ग व 77 दिव्यांग, आलापुर में 126 बुजुर्ग व 36 दिव्यांग, जलालपुर में 147 बुजुर्ग व 36 दिव्यांग ने घर बैठे पोस्टल बैलेट पेपर के जरिए मतदान की स्वीकृति दी थी। इसके बाद इन सभी का मतदान उनके घर पर ही टीम भेजकर कराने का निर्णय आयोग के नियमों के क्रम में जिला प्रशासन ने लिया है। अभी तिथि का निर्धारण नहीं हुआ है। शीघ्र ही चुनाव आयोग के दिशा निर्देशानुसार संबंधित मतदाताओं से मतदान कराया जाएगा।
टीम घर भेज कराएंगे मतदान
बीते दिनों चले सहमति अभियान में 952 दिव्यांगों व बुजुर्गों ने पोस्टल बैलेट पेपर से मतदान करने की अनुमति प्रदान की थी। शीघ्र ही उन्हें घर पर ही रहकर मतदान करने का मौका मिलेगा। इसके लिए टीम पोस्टल बैलेट आदि लेकर संबंधित घरों तक जाएगी। पूरी गोपनीयता के साथ मतदान प्रक्रिया सम्पन्न कराई जाएगी।
-अशोक कुमार कनौजिया, एडीएम