.नियुक्ति पत्र पाने के बाद कलेक्ट्रेट के बाहर खुशी का इजहार करतीं मुख्य सेविकाएं।
अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित जिले की 84 चयनित मुख्य सेविकाओं को बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर आयोजित समारोह में मौजूद जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने इसे सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और योग्यता की जीत बताया।
गौरतलब है कि प्रदेशभर में कुल 2425 मुख्य सेविकाओं और 13 फार्मासिस्टों की नियुक्ति की गई है। जिले से चयनित 84 मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस मौके पर एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय ने कहा कि यह चयन प्रक्रिया इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश सरकार अब केवल योग्यता, ईमानदारी और पारदर्शिता को ही प्राथमिकता दे रही है। विधायक धर्मराज निषाद ने चयनित सेविकाओं को बधाई दी। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधू वर्मा, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, पीडी डीआरडीए अनिल कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी एसके सिंह सहित कई अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
-
नियुक्ति पत्र पाकर खिल उठे चेहरे
टांडा के कोल्हुआ दाऊदपुर निवासी निशा वर्मा ने कहा कि सरकार ने की पारदर्शिता से हम जैसे ग्रामीण परिवेश के युवाओं में नई ऊर्जा भर दी है। अब मेरा लक्ष्य है कि गांव की हर महिला और बच्चा पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो। अकबरपुर के गौसपुर की ममता वर्मा ने कहा कि जब चयन पत्र हाथ में आया तो परिजनों में जो गर्व था, वही मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि है। रसूलपुर सूरापुर की प्रिया चौधरी ने कहा कि मुख्य सेविका के रूप में यह नियुक्ति मेरे लिए एक नई शुरुआत है। बेवाना के विश्रामपुर की ज्ञानमती यादव ने कहा कि अब मेरा संकल्प समाज के सबसे कमजोर वर्ग तक पोषण और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।