राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। सरयू नदी के जलस्तर में अचानक 82 सेमी. की बढ़ोत्तरी ने लगभग 30 हजार आबादी की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार सुबह आठ बजे से बुधवार सुबह आठ बजे के बीच नदी का जलस्तर 82 सेमी. बढ़ गया।
चेतावनी बिंदु से पांच सेमी. ऊपर पानी पहुंचने से प्रसाद कुर्मी का पूरा व सिद्धनाथ का पूरा के निकट तक एक बार फिर पानी पहुंच गया है। सरयू नदी के जलस्तर में कमी के बाद मंगलवार सुबह से एक बार फिर से वृद्धि शुरू हो गई। मंगलवार सुबह जहां जलस्तर 83.79 मीटर था तो वहीं बुधवार सुबह आठ बजे बढ़कर 84.61 मीटर हो गया। ऐसे में 24 घंटे के अंदर 82 सेमी. पानी बढ़ गया जो कि चेतावनी बिंदु से पांच सेमी. ऊपर है।
जलस्तर में अचानक बढ़ोत्तरी होने से तहसील क्षेत्र आलापुर के माझा कम्हरिया व अराजी देवारा ग्राम पंचायत के आठ पुरवों की लगभग 30 हजार की आबादी की चिंता बढ़ गई है। चेतावनी बिंदु 84.56 मीटर से पांच सेमी. ऊपर पहुंचने के बीच कुर्मीप्रसाद का पूरा व सिद्धनाथ का पूरा के निकट पानी पहुंच गया है। संबंधित क्षेत्र के लोग इससे परेशान हैं। उनका मानना है कि कुछ दिनों की राहत के बाद एक बार फिर से पहले जैसे हालात पैदा होने वाले हैं।
50 बीघा खेत हुआ जलमग्न
सरयू नदी के जलस्तर में वृद्धि होने से बुधवार को माझा कम्हरिया, कम्हरिया व अराजी देवारा गांव की लगभग 50 बीघा खेत में पानी भर गया। इसमें लगभग 22 बीघा खेत में धान की रोपाई की गई है। माझा कम्हरिया के परमात्मा, राघवेंद्र व प्रकाश ने कहा कि जलस्तर में कमी होने से कुछ राहत मिली थी। दोबारा पानी खेत में पहुंचने से अब धान की फसल के गल जाने की उम्मीद है। सामाजिक कार्यकर्ता मित्रसेन ने कहा कि जलस्तर में एक बार फिर से हो रही वृद्धि को देखते हुए जिम्मेदारों को समय रहते ठोस कदम उठाना चाहिए।
रखी जा रही नजर
नदी के जलस्तर में वृद्धि हुई है। इस पर निगाह रखी जा रही है। माझा क्षेत्र के ग्रामीणों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। - सौरभ शुक्ला, एसडीएम आलापुर