अंबेडकरनगर। बूस्टर डोज लेने के लिए अब पहली अक्तूबर से शुल्क देना होगा। सरकारी अस्पतालों के बजाए अब निजी अस्पतालों में ही बूस्टर डोज दी जाएगी। इस बीच शुक्रवार को भी 234 बूथों पर एहतियाती डोज देने का महाअभियान चला। लगभग 7152 लोगों ने इस बीच बूथों पर बूस्टर डोज ली।
कोरोना से पूरी तरह से जंग जीतने के लिए अब तक सरकारी अस्पतालों में निशुल्क बूस्टर डोज दिया जाता रहा। अपील व प्रचार-प्रसार के बाद भी यह डोज लेने में नागरिकों ने रुचि नहीं दिखाई। लगभग 15 लाख नागरिकों को डोज दिए जाने का लक्ष्य जिले को मिला था लेकिन आधे से भी कम लोगों को ही टीका लग सका है।
शासन के निर्देश पर गुरुवार को जिले में महाअभियान चलाकर 324 बूथों पर लगभग 34 हजार लोगों को एहतियाती डोज दी गई थी। शुक्रवार को अंतिम दिन भी महाअभियान चला। बूथ की संख्या 324 ही थी लेकिन डोज लेने के लिए गुरुवार की तुलना में कम लोग पहुंचे। लगभग 7152 लोगों ने ही बूस्टर डोज ली।
इस बीच अब पहली अक्तूबर से प्रीकाशन डोज सरकारी अस्पतालों में लोग नहीं ले सकेंगे। इसके लिए उन्हें निजी अस्पतालों में जाना पड़ेगा जहां उन्हें इसके लिए 387 रुपये जीएसटी के साथ चुकाना होगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रामानंद सिद्धार्थ ने बताया कि शुक्रवार को भी महाअभियान चलाकर लोगों को प्रीकाशन डोज दी गई।
अब यह डोज पहली अक्तूबर से सिर्फ तीन निजी अस्पतालों में दी जाएगी। इसके लिए रमा अस्पताल, साकेत हास्पिटल, दयाराम अस्पताल को चिह्नित किया गया है। संबंधित अस्पतालों को पहले वैक्सीन खरीदनी होगी। इन अस्पतालों के कर्मचारियों द्वारा डोज देने में किसी भी प्रकार की समस्या न हो इसके लिए उन्हें प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।
जिला अस्पताल में प्रीकाशन डोज लेकर निकले अब्दुल्लापुर के साजिद हुसैन ने खुशी जताते हुए कहा कि वह भी देश को कोरोना मुक्त करने के लिए प्रधानमंत्री की मुहिम में सहयोगी हो गए हैं। जिन्होंने प्रीकाशन डोज नहीं ली है, उन्हें चाहिए कि वे देश हित में जरूर ले लें। कोटवा निवासी नरेंद्र कुमार बूस्टर डोज लेने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। कहा कि उन्हें खुशी है कि वह प्रीकाशन डोज लेने के लिए आए हैं। दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित कर रहे हैं।
नरायनपुर के हीरालाल ने प्रीकाशन डोज लेने के बाद कहा कि कोरोना से जंग जीतने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मादी ने गंभीरता दिखाई। समय रहते ठोस कदम उठाए, जो अत्यंत सराहनीय है। हम सभी को चाहिए कि शत-प्रतिशत डोज लें। नरहरपुर के रामसुमेर ने कहा कि अभियान को रुकना नहीं चाहिए। ऐसे शिविर आगे भी लगाते रहना चाहिए जिससे सभी को टीका लग सके।