अंबेडकरनगर। रबी फसल की बुआई को लेकर खाद के संकट से निपटने के लिए जिले को अलग-अलग कंपनी की 60 हजार बोरी से अधिक इफ्को, पीपीएल व आईपीएल की डीएपी और एनपीके खाद अयोध्या व शाहगंज रैक प्वाइंट से उपलब्ध हुई है। इन्हें अलग-अलग समिति पर भेजने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
जिले में दलहन और तिलहन की फसल की बुआई तेजी से चल रही है। इसमें किसानों को डीएपी और यूरिया की जरूरत पड़ती है। बीते दिनों डीएम ने पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा था। जिला कृषि अधिकारी पीयूष राय ने बताया कि जिले को अयोध्या रैक पॉइंट से इफ्को कंपनी की 36 हजार बोरी ,पीपीएल कंपनी की 12 हजार 560 बोरी और शाहगंज रैक पॉइंट से 12 हजार बोरी डीएपी और एनपीके खाद प्राप्त हुई है। इन्हें अलग-अलग समिति पर भेजा जा रहा है।
इस बीच बुधवार को जिला कृषि अधिकारी ने टांडा के सहकारी समित औरंगाबाद का निरीक्षण किया। बताया गया कि वर्तमान में जनपद में लक्ष्य से दोगुनी से अधिक डीएपी उपलब्ध है। सरसों के लिए और दलहनी फसलों के लिए उपयुक्त खाद सुपर के स्थान पर डीएपी का प्रयोग किया जा रहा है। इससे उत्पादन में वृद्धि नहीं हो पा रही है। दलहनी और तिलहनी फसलों में उच्च गुणवत्ता युक्त उत्पादन लेने के लिए किसान सुपर खाद का प्रयोग करें।