जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) के तहत क्षेत्र में कार्यरत 56 कर्मचारियों को बीते छह माह से मानदेय नहीं मिल सका है। जिले में एनआरएचएम के अंतर्गत करीब 1300 कर्मचारी विभिन्न पदों पर सेवाएं दे रहे हैं। इनमें फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, वार्ड बॉय सहित अन्य तकनीकी और सहयोगी कर्मचारी शामिल हैं। 56 कर्मचारियों को पिछले छह माह से मानदेय नहीं मिला है, जबकि शेष कर्मचारियों को भी नवंबर और दिसंबर का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। नए साल की शुरुआत में ही आर्थिक दिक्कतों से जूझ रहे कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है। जहांगीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक डॉ. उदय चंद यादव ने बताया कि मानदेय भुगतान का मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में है। निदेशालय स्तर पर किसी तकनीकी त्रुटि के कारण भुगतान में विलंब हो रहा है।