हंसवर। हंसवर इलाके में दवा लेकर घर लौट रहे एक बुजुर्ग से खुले पैसे पूछने के बहाने 5500 रुपये झपटकर भागने के मामले में आरोपी पुरुषोत्तम को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है।
आरिबपुर निवासी निजामुद्दीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार सुबह करीब 10:40 बजे वह हीरापुर बाजार से दवा लेकर साइकिल से घर लौट रहे थे। छह नंबर पुलिया के पास काले रंग की बाइक सवार युवक ने उन्हें रोककर खुले पैसे मांगे। मना करने पर उसने जेब में देखने को कहा। जैसे ही उन्होंने 500-500 रुपये के नोट निकालकर दिखाए, आरोपी ने झपट्टा मारकर 5500 रुपये छीन लिए और बाइक से भाग गया।
सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी की पहचान पुरुषोत्तम निवासी काशीपुर अरिया चौकी क्षेत्र के रूप में की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अभिनेष कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)