अंबेडकरनगर। जिले के 1062 प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा एक व दो में पढ़ने वाले लगभग 55 हजार छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। शीघ्र ही उनके हाथों में एनसीईआरटी की नई पुस्तकें होंगी। दोनों ही कक्षाओं के लिए जिले में नई पुस्तकें पहुंचना शुरू हो गई हैं। सत्यापन के बाद छात्रों की संख्या के आधार पर विद्यालयों को नई पुस्तकें उपलब्ध करा दी जाएंगी।
नया शिक्षासत्र अप्रैल माह में प्रारंभ हुआ तो कक्षा छह से कक्षा आठ तक हाथों में तो नई पुस्तकें पहुंच गईं लेकिन कक्षा एक व दो के छात्रों को नई पुस्तकें नहीं उपलब्ध हो सकीं। दरअसल शुरुआती दौर में यह तय नहीं हो सका था कि उन्हें सामान्य पब्लिकेशन की पुस्तकों से शिक्षा दी जाए या एनसीईआरटी की पुस्तकों से। हालांकि बाद में शासन से स्पष्ट हुआ कि कक्षा एक व दो के छात्रों को एनसीईआरटी की पुस्तकों से शिक्षा दी जाएगी।
बीते दिनों ही शासन ने पुस्तकें क्रय किए जाने के लिए कार्यदायी संस्था को दिशा-निर्देश दिए, लेकिन इसके बाद भी ग्रीष्मावकाश से पहले छात्रों को नई पुस्तकें नहीं मिल सकीं। संभावना थी कि ग्रीष्मावकाश में पुस्तकें आ जाएंगी जिससे स्कूल खुलने के बाद बच्चों को नई पुस्तकें मिल जाएंगी लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इससे गत 28 जून से स्कूल खुलने के बाद छात्रों को बगैर नई पुस्तक के ही स्कूल जाना पड़ा।
मालूम हो कि जिले में संचालित 1062 प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक व दो के लगभग 55 हजार छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इस बीच मंगलवार को एनसीईआरटी की पुस्तकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।
बीएसए कार्यालय के अनुसार मंगलवार को नई पुस्तकों की पहली खेप जिले में पहुंच गई। इसमें कक्षा एक की सारंगी जबकि कक्षा दो की सारंगी व आनंदमय गणित की पुस्तकें बीएसए कार्यालय को उपलब्ध हो गईं। शेष पुस्तकें भी एक दो दिन में पहुंच जाएंगी। उधर बीएसए बीपी सिंह ने बताया कि कक्षा एक व दो की पुस्तकें जिले में पहुंचने लगी हैं, जल्द ही सभी पुस्तकें आ जाएंगी। इसके बाद सत्यापन कर विद्यालयों को उपलब्ध करा दी जाएंगी।