अंबेडकरनगर। जिले में दिन-प्रतिदिन बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए अधिक से अधिक नागरिकों व कर्मचारियों को कोरोना का टीका लग सके, इसके लिए बूथों की संख्या बढ़ा दी गई है। सोमवार को 51 केंद्रों के 59 बूथों पर टीकाकरण अभियान चला। कुल 7080 नागरिकों व कर्मचारियों को टीका लगना था। इसकी तुलना में 5446 नागरिकों को टीका लगा। कोरोना वैक्सीन टीकाकरण में किसी भी प्रकार की आधा न हो, इसके लिए प्रत्येक बूथ पर पांच-पांच स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई थी।
जिले में कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। इस पर अंकुश पाने के लिए जिले में टीकाकरण अभियान भी तेज कर दिया गया है। अधिक से अधिक नागरिकों व कर्मचारियों को टीका लग सके, इसके लिए जिले में न सिर्फ केंद्रों, बल्कि बूथों की भी संख्या में वृद्धि कर दी गई है। सोमवार को जिले के 51 केंद्रों के 59 बूथों पर टीकाकरण महाअभियान चला।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. हेमंत कुमार ने बताया कि सोमवार को 59 बूथों पर कुल 7 हजार 80 नागरिकों व कर्मचारियों को टीका लगना था। इसकी तुलना में 5446 लोगों को टीका लगाया गया। टीकाकरण अभियान में किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए प्रत्येक बूथ पर 5-5 स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई थी।
सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए न सिर्फ सभी जरूरी एहतियात बरतें, बल्कि संबंधित बूथों पर पहुंचकर न सिर्फ खुद टीका लगवाएं, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। शत-प्रतिशत टीकाकरण होने स कोरोना संक्रमण पर अंकुश पाया जा सकता है।