फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

50 हजार आबादी अंधेरे में

Fri, 14 Oct 2016 11:35 PM IST
अंबेडकरनगर/ अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
फाल्ट होने से फुंके ट्रांसफार्मर, बिजली गोल - फोटो : demo
विज्ञापन
बिजली के तार टूटने व ट्रांसफार्मरों के फुंक जाने से अकबरपुर व जलालपुर की लगभग 50 हजार आबादी गुरुवार की रात अंधेरे में रही। अकबरपुर नगर के निकट एक बेकाबू ट्रक ने कई खंभे क्षतिग्रस्त कर दिए तो अकबरपुर व जलालपुर ब्लॉक के 10 से अधिक ट्रांसफार्मर फुंक गए। इसके चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई।
विज्ञापन


शुक्रवार देर शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पायी थी। उपभोक्ताओं में पावर कॉर्पोरेशन की लापरवाही को लेकर गहरी नाराजगी है। जर्जर संसाधनों पर टिकी जिले की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था उपभोक्ताओं की मुसीबत का सबब बनी हुई है। इसमें सबसे बड़ी बाधा ट्रांसफार्मरों की खस्ताहाली है। दरअसल ज्यादातर ट्रांसफार्मर ओवरलोड चल रहे हैं।

लंबे समय से शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में ओवरलोडेड ट्रांसफार्मरों के स्थान पर अधिक क्षमता वाले ट्रांसफार्मर लगाने की आवाज उठाई जा रही है लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिला मुख्यालय पर शहरी विकास योजना के तहत नए ट्रांसफार्मर लगाए जाने की शुरुआत हुई भी तो उसे मुकम्मल नहीं किया जा सका।
विज्ञापन


यही हाल दशकों पुराने जर्जर तार बदलने को लेकर भी है। कुछ क्षेत्रों में ही तार बदलवाकर पावर कॉर्पोरेशन ने पल्ला झाड़ लिया। अकबरपुर नगर के ज्यादातर क्षेत्रों में तो फिर भी तार बदल दिए गए लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरफ अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी। इसका खामियाजा जब तब उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ता है।

 इन्हीं सब परिस्थितियों के चलते जिले की लगभग 50 हजार आबादी पिछले 24 घंटे से बिजली से वंचित है। जलालपुर तहसील क्षेत्र के रफीगंज, सम्मनपुर, कासिमपुर व मालीपुर में पांच ट्रांसफार्मर गुरुवार शाम पांच बजे से लेकर देर शाम 10 बजे तक जवाब दे गए। इनसे लगभग 15 हजार आबादी बिजली से वंचित हो गई।

वहीं, अकबरपुर तहसील क्षेत्र के बेवाना, मरैला, जमुनीपुर क्षेत्र के चार ट्रांसफार्मर भी इसी अवधि में उपभोक्ताओं का साथ छोड़ गए। इससे लगभग 10 हजार आबादी की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई। उधर, अकबरपुर नगर के फैजाबाद रोड पर भी ट्रांसफार्मर की गड़बड़ी से लगभग पांच हजार आबादी को लगभग पूरी रात बिजली नहीं मिल पायी।

इस बीच अकबरपुर-जलालपुर मार्ग पर गुरुवार शाम एक अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मारकर तीन पोल क्षतिग्रस्त कर दिए। इससे खंभों पर असर पड़ा ही, साथ ही तार भी टूट गए। नतीजतन लगभग 20 हजार आबादी को पूरी रात बिजली नहीं मिल पायी। शुक्रवार शाम तक इन क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल नहीं हो पायी थी।

अकबरपुर नगर के उपभोक्ता रवींद्र पाठक ने कहा कि ट्रांसफार्मरों की क्षमता एक तरफ से बढ़ाए जाने का प्रबंध पावर कारपोरेशन को करना होगा। इसके बिना उपभोक्ताओं का भला होने वाला नही है। कहा कि ट्रांसफार्मरों की गुणवत्ता तय करने की तरफ भी ध्यान दिए जाने की जरूरत है।

शिक्षिका सीमा ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बार-बार ट्रांसफार्मरों के फुंकने की जवाबदेही तय करनी होगी। क्षमता बढ़ाने के साथ ही जवाबदेही भी तय होगी तो बार-बार ट्रांसफार्मरों के फुंकने व बिगड़ने की समस्या से निजात मिल सकेगी।

उपभोक्ता नीरज तिवारी ने पावर कॉर्पोरेशन की उदासीनता पर विराम लगाए जाने की मांग की है। अधिशाषी अभियंता मुकेश बाबू ने बताया कि ट्रांसफार्मरों की पर्याप्त उपलब्धता के प्रयास किए जा रहे हैं, जिन क्षेत्रों में तार टूटने की समस्या थी, उन्हें दुरुस्त कराया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें