हाईटेक नर्सरी के साथ उत्कृष्ट किसानों के प्रक्षेत्र का किया भ्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत शनिवार को 50 किसानों ने अलग अलग क्षेत्रों में भ्रमण कर तकनीकी खेती की जानकारी हासिल की। राजकीय पौधशाला सीहमई कारीरात के हाईटेक नर्सरी का भ्रमण कर यहां इंडो इस्राइल तकनीक के तहत तैयार हो रही नर्सरी को देखा।
इसके बाद किसानों का समूह रनीवां के उत्कृष्ट किसान कुलदीप वर्मा के प्रक्षेत्र पर पहुंचे। उनके द्वारा लोटनल विधि से भिंडी, खीरा, करेला, शिमला मिर्च आदि की खेती की जा रही है। उन्होंने किसानों को इस विधि के बारे में जानकारी दी। रोहनपारा के सनील सिंह के प्रक्षेत्र पर किसानों को मलचिंग एवं ड्रिप इरीगेशन सिस्टम से केला उत्पादन व कृषक द्वारा केला उत्पादन के बीच इन्टरक्रापिंग के रूप में मटर, एवं गोमीवर्गीय सब्जी के उत्पादन को दिखाया गया।
किसानों को पाॅवरट्रिलर के उपयोग की जानकारी दी गई। उत्कृष्ट किसान देवनरायण पांडेय के प्रक्षेत्र पर एप्पल बेर, अमरुद, सेब की खेती व ड्रिप इरीगेशन सिस्टम, पाॅवरट्रिलर, संकर प्रजाति शाकभाजी की खेती, भरूआ मिर्च की खेती को देखा। जिला उद्यान अधिकारी सुनील तिवारी ने बताया कि विभाग की तरफ से यह भ्रमण किसानों को कराया गया। जिससे वह भी नवीन तकनीक सीखकर बेहतर खेती कर सकें।