अंबेडकरनगर। वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन के लिए आवेदन करने वाले 4780 पात्रों के लिए अच्छी खबर है। उनकी पेंशन मंजूर हो गई है। सितंबर माह में तीन माह की पेंशन उनके खाते में भेजी जाएगी।
वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन के लिए बीते दिनों लगभग छह हजार लोगों ने आवेदन किया था। सत्यापन के बाद चार हजार 780 आवेदक पात्र मिले। इनमें दिव्यांग के 493, वृद्धावस्था के 2912 व विधवा पेंशन के 1375 पात्र शामिल हैं। मालूम हो कि वर्ष 2023-24 में पेंशन के लिए नए सिरे से आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हुई थी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे।
आवेदकों का सत्यापन संबंधित तहसील क्षेत्र के एसडीएम के स्तर से गठित टीम से कराया गया। जांच में पात्र मिले आवेदकों की सूची शासन को भेज दी गई। समाज कल्याण कार्यालय के अनुसार पात्र पाए गए आवेदकों को जुलाई, अगस्त व सितंबर माह की पेंशन के तीन-तीन हजार रुपये उनके खाते में भेजी जाएगी। इन सभी को एक हजार रुपये प्रति माह की दर से पेंशन दी जाती है। जिला समाज कल्याण अधिकारी राकेश रमन ने बताया कि जांच में पात्र पाए गए आवेदकों को पहली बार पेंशन योजना का लाभ मिलेगा।