अंबेडकरनगर। तहसील क्षेत्र अकबरपुर के बेवाना में स्थापित होने वाले औद्योगिक कॉरिडोर के लिए शनिवार को 47 किसानों की भूमि की रजिस्ट्री हुई। साढ़े नौ हेक्टेअर भूमि की रजिस्ट्री में संबंधित किसानों को लगभग 22 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। औद्योगिक कॉरिडोर के लिए कुल 208 हेक्टेअर की भूमि किसानों से ली जानी है। इसकी तुलना में अब तक 392 किसानों की 113 हेक्टेअर भूमि रजिस्ट्री की जा चुकी है।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निकट अकबरपुर दोस्तपुर मार्ग पर बेवाना के निकट औद्योगिक गलियारा की स्थापना के लिए किसानों की भूमि की रजिस्ट्री का कार्य तेजी से जारी है। डीएम अविनाश सिंह के प्रयास के बाद अब किसान खुद ही तेजी से भूमि की रजिस्ट्री कराने के लिए आगे आ रहे हैं। शनिवार को 47 किसानों की साढ़े नौ हेक्टेअर भूमि की रजिस्ट्री हुई। इसके लिए लगभग 22 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया गया। एसडीएम सदर पवन कुमार जायसवाल ने कहा कि शनिवार को खानजहांपुर के 24, बेवाना के 20 व जगदीशपुर मुस्लिम के तीन किसानों की भूमि की रजिस्ट्री हुई।
तहसीलदार सदर बलवीर सिंह ने कहा कि बेवाना के रामसम्हारू, अहलादे के महेंद्र प्रताप, रामजीत, राजमणि, राकेश कुमार, माधुरी देवी, राजेश कुमार, रामजीत, देवीप्रसाद, लालजी, कीर्ति मिश्रा सहित 47 किसानों की भूमि की रजिस्ट्री हुई। उधर, एसडीएम सदर ने कहा कि किसानों की भूमि की रजिस्ट्री का कार्य तेजी से चल रहा है। कुल 208 हेक्टेअर भूमि की रजिस्ट्री होनी है। अब तक 352 किसानों की 113 हेक्टेअर भूमि की रजिस्ट्री की जा चुकी है।