तमाम उहापोह के बीच मंगलवार को बीएसए कार्यालय पर उच्च प्राथमिक विद्यालय में गणित व विज्ञान विषय के शिक्षकों की तैनाती के लिए 381 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराया गया। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद शिक्षकों के चेहरे पर चमक उठे।
बीते दिनों के जिले के उच्च प्राथमिक विद्यालय में गणित व विज्ञान विषय के शिक्षकों के पद पर तैनाती के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया हुई थी। इसमें 400 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। काउंसलिंग में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को सोमवार को नियुक्तिपत्र देने के लिए बीएसए कार्यालय पर बुलाया गया था।
इस पर सोमवार को अभ्यर्थी कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां बताया गया कि अभी अंतिम सूची तैयार नहीं हो सकी है, इसलिए उन्हें नियुक्तिपत्र नहीं दिया जा सकेगा। इस पर अभ्यर्थियों में आक्रोश फैल गया था और उन्होंने डीएम विवेक से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत की थी। डीएम ने उन्हें आश्वस्त किया था कि मंगलवार को उन्हें नियुक्ति पत्र उपलब्ध करा दिया जाएगा।
इसी क्रम में मंगलवार को नियुक्ति पत्र हासिल करने के लिए सुबह से ही अभ्यर्थी बीएसए कार्यालय पहुंच गए। बीएसए डॉ. राजबहादुर मौर्य की अध्यक्षता में अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देेने का कार्य शुरू कर दिया गया। बीएसए ने बताया कि 381 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराया गया। इनमें 199 गणित व 182 विज्ञान के शिक्षक शामिल हैं।
नियुक्ति पत्र हाथ में आने के बाद शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई। शिक्षक बने प्रियंका पटेल, विमल कुमार, प्रदीप कुमार, मनोज कुमार, आकांक्षा, रंजना वर्मा व आलोक कुमार ने खुशी का इजहार करते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र मिलने के बाद उनका शिक्षक बनने का सपना पूरा हो गया। उन्होंने कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी का पूरी ईमानदारी से निभाएंगे।