अंबेडकरनगर। पंचायत चुनाव में मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच का कार्य पूर्ण कर लिया गया। जांच के दौरान ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए कुल 354 नामांकन पत्रों को विभिन्न गड़बड़ियों के चलते खारिज कर दिया गया। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए। बुधवार को अपराह्न 3 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न का आवंटन कर दिया जाएगा।
पंचायत चुनाव के मद्देनजर विभिन्न पदों के लिए हुए नामांकन पत्रों की जांच का कार्य मंगलवार को पूर्ण कर लिया गया। इस दौरान गड़बड़ियों के चलते कुल 354 नामांकन पत्र खारिज किए गए। इसमें ग्राम प्रधान पद के 25, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के 12 व ग्राम पंचायत सदस्य पद के 317 नामांकन पत्र खारिज किए गए। कटेहरी विकास खंड में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के 2 व ग्राम पंचायत सदस्य पद के 16 पर्चे विभिन्न कारणों के चलते खारिज कर दिए गए।
इसी प्रकार से जलालपुर विकास खंड में ग्राम पंचायत सदस्य पद के 2, भीटी ब्लॉक में ग्राम पंचायत सदस्य पद के 11, रामनगर ब्लॉक में ग्राम पंचायत सदस्य पद के 79, जहांगीरगंज ब्लॉक में ग्राम पंचायत सदस्य पद के 42 नामांकन पत्रों को गड़बड़ियों के चलते खारिज कर दिया गया। भियांव ब्लॉक में ग्राम पंचायत सदस्य के 33 व क्षेत्र पंचायत सदस्य के 5 नामांकन पत्र खारिज हुए।
टांडा ब्लॉक में ग्राम प्रधान के 17, ग्राम पंचायत सदस्य पद के 16, बसखारी में ग्राम प्रधान पद के 6, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के 3 व ग्राम पंचायत सदस्य पद के 56 नामांकन पत्रों को खारिज कर दिया गया। अकबरपुर ब्लॉक में ग्राम प्रधान पद के 2, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के 2 व ग्राम पंचायत सदस्य पद के 62 नामांकन पत्र गड़बड़ियों के चलते खारिज कर दिए गए।
सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय ने बताया कि 21 अप्रैल को अपराह्न 3 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। इसके बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न का आवंटन कर दिया जाएगा। इस बीच एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने बताया कि मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच के बाद 21 अप्रैल को नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। इसी दिन चुनाव चिह्न का आवंटन होगा। 29 अप्रैल को मतदान प्रक्रिया निपटाई जाएगी। उन्होंने प्रत्याशियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रचार-प्रसार के दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।