जिले के सभी थानों में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन हुआ। 18 थानों में महज 35 शिकायतें आईं, जिनमें से मात्र नौ का निस्तारण हुआ। डीएम व एसपी ने अकबरपुर समेत कई अन्य थानों का जायजा लिया। वहां पहुंचे फरियादियों की समस्याओं का अविलंब निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
थाना दिवसों में मामलों के निस्तारण की गति धीमी होने से अधिकतर थानों में इक्का-दुक्का फरियादी ही पहुंचे। थाना दिवसों को लेकर आम जनता का विश्वास नहीं जग पा रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि निस्तारण को लेकर सुस्ती का माहौल आमतौर पर पसरा रहता है। इसी कारण फरियादी ही अब समाधान दिवसों से किनारा कसने लगे हैं।
यही हाल इस शनिवार को भी रहा। 18 थानों में 35 शिकायतें ही आ सकीं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि समाधान दिवसों को लेकर किस तरह आम लोगों के बीच माहौल है। अकबरपुर में आयोजित थाना दिवस का जायजा लेने के लिए डीएम विवेक व एसपी अजय कुमार सिंह दोपहर करीब पहुंचे।
डीएम व एसपी ने कई अन्य थाने का भी निरीक्षण किया। अकबरपुर थाने में एक प्रार्थना पत्र आया था, जिसका निस्तारण कर दिया गया। बेवाना थाने में कोई फरियादी शिकायत करने नहीं पहुंच सका।
सम्मनपुर में एक मामला आया, जिसका निस्तारण नहीं हो पाया। बसखारी में तीन मामले आए, और तीनों का निस्तारण नहीं हुआ। कोतवाली टांडा में आए दोनों मामलों का निस्तारण कर दिया गया।
अलीगंज में एक, इब्राहिमपुर में दो, हंसवर में एक, जलालपुर में तीन, जैतपुर में दो, मालीपुर में एक, आलापुर में पांच, जहांगीरगंज में दो, राजेसुल्तानपुर में तीन, भीटी में दो, अहिरौली में छह व महरुआ में एक मामला आया। महिला थाने में कोई भी शिकायत सामने नहीं आ सकी।